छत्तीसगढ़ में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियानों के तहत सुरक्षाबलों को दो अलग-अलग जिलों में बड़ी सफलता हाथ लगी है। कांकेर और दंतेवाड़ा पुलिस ने नक्सलियों द्वारा जमीन के नीचे छिपाए गए हथियारों और विस्फोटकों के बड़े डंप को बरामद किया है।
कांकेर में मिला हथियारों का जखीरा
कांकेर और नारायणपुर जिले की सीमा पर स्थित हेटारकसा, पल्लाहुर और जपमारका के घने जंगलों में डीआरजी (DRG), बीएसएफ (BSF) और बम निरोधक दस्ता (BDS) की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान टीम ने नक्सलियों का एक बड़ा डंप पकड़ा। यहां से 3 किलो का एक IED, एक बीजीएल लॉन्चर, AK-47 की 30 राउंड गोलियां, SLR की 4 गोलियां और 2 पाइप बम बरामद हुए। सुरक्षाबलों ने IED और बमों को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर दिया है।
दंतेवाड़ा में सरेंडर नक्सली की निशानदेही पर सफलता
इधर, दंतेवाड़ा जिले के बारसूर थाना क्षेत्र के तोड़मा गांव के जंगलों में भी पुलिस को कामयाबी मिली। एक आत्मसमर्पित नक्सली से मिली पुख्ता जानकारी के बाद पुलिस ने जंगल में सर्चिंग की। जवानों को जमीन के भीतर छिपाया गया एक ड्रम मिला। जब उसे खोला गया, तो अंदर से सोने के बिस्किट, भारी मात्रा में नकदी, बंदूक, कारतूस और दैनिक उपयोग का सामान बरामद हुआ। पुलिस ने इलाके में अपनी गश्त और तेज कर दी है।
