छत्तीसगढ़ सरकार ने नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग के युवाओं के लिए बड़ा निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में बस्तर फाइटर्स में 5,800 नए पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी गई। सरकार का उद्देश्य नक्सल विरोधी अभियान को और मजबूत करने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
सरकार के अनुसार, इन पदों पर भर्ती मुख्य रूप से बस्तर संभाग के स्थानीय युवाओं से की जाएगी। स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों और क्षेत्रीय जानकारी रखने वाले जवान सुरक्षा बलों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सकेंगे, जिससे नक्सल प्रभावित इलाकों में अभियान और अधिक प्रभावी होगा।
नक्सलवाद से लड़ने के लिए हुआ था गठन
बस्तर फाइटर्स का गठन विशेष रूप से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए किया गया था। यह बल स्थानीय युवाओं की भागीदारी के कारण सुरक्षा अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। नई भर्ती के बाद बल की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।
युवाओं को मिलेगी नौकरी
सरकार का मानना है कि इस फैसले से एक ओर युवाओं को सरकारी नौकरी का अवसर मिलेगा, वहीं दूसरी ओर बस्तर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास को गति मिलेगी। भर्ती प्रक्रिया से जुड़े विस्तृत दिशा-निर्देश और आवेदन की जानकारी जल्द जारी की जाएगी।




