पीएम मोदी से मिले सीएम विष्णुदेव साय, ‘बस्तर विजन’ के रोडमैप और प्रमुख परियोजनाओं पर मांगा केंद्र का सहयोग

मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री को बताया कि बस्तर में सुरक्षा, विकास और जनकल्याण से जुड़े प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर राज्य के विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने बस्तर के समग्र विकास के लिए तैयार ‘बस्तर विजन’ रोडमैप प्रस्तुत किया और विभिन्न महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार से सहयोग का आग्रह किया।

बैठक में मुख्यमंत्री ने राजनांदगांव में प्रस्तावित 10,500 करोड़ रुपये की गैस आधारित यूरिया संयंत्र को शीघ्र मंजूरी देने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि परियोजना के लिए राज्य सरकार भूमि आवंटन सहित आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर चुकी है। इसके अलावा, ऑफ-ग्रिड व्यवस्था पर निर्भर 461 गांवों को स्थायी बिजली आपूर्ति, रायपुर या बस्तर में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) की स्थापना तथा बस्तर क्षेत्र में आधारभूत ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा और औद्योगिक विकास को गति देने के प्रस्ताव भी प्रधानमंत्री के समक्ष रखे गए।

मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री को बताया कि बस्तर में सुरक्षा, विकास और जनकल्याण से जुड़े प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से बस्तर को विकास, निवेश और रोजगार का नया केंद्र बनाया जा सकता है।

प्रधानमंत्री के साथ हुई इस बैठक को राज्य के दीर्घकालिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सरकार का मानना है कि प्रस्तावित परियोजनाओं को मंजूरी मिलने से कृषि, उद्योग, ऊर्जा और आदिवासी क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी।