कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में वेटलिफ्टिंग के महिला 53 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली ज्ञानेश्वरी यादव को राज्य सरकार ने बड़ा सम्मान दिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने के साथ पुलिस विभाग में आउट-ऑफ-टर्न पदोन्नति देकर डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP) नियुक्त करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री निवास में आयोजित सम्मान समारोह में ज्ञानेश्वरी यादव अपने माता-पिता के साथ पहुंचीं। मुख्यमंत्री ने उनका अभिनंदन करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद ज्ञानेश्वरी ने कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा है।
ज्ञानेश्वरी यादव ने हाल ही में स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स में कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक जीता था। यह उनके करियर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी रहा।
गौरतलब है कि ज्ञानेश्वरी यादव वर्ष 2023 से छत्तीसगढ़ पुलिस में सहायक उपनिरीक्षक (ASI) के पद पर कार्यरत थीं। उनकी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि को देखते हुए राज्य सरकार ने उन्हें डीएसपी पद पर पदोन्नत करने का निर्णय लिया है।



