छत्तीसगढ़ की दो खिलाड़ी भारतीय महिला जूनियर हॉकी टीम में चयनित, एशिया कप में दिखाएंगी दम

उन्होंने जूनियर एशिया कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनकी तैयारियों की जानकारी भी ली।

छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए एक और बड़ी उपलब्धि सामने आई है। बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की दो प्रतिभाशाली खिलाड़ी गीता यादव और मधु सिदार का चयन भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी 30 अगस्त से 13 सितंबर तक चीन के मोकी में आयोजित होने वाले जूनियर एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने वीडियो कॉल के माध्यम से दोनों खिलाड़ियों से बातचीत कर उन्हें भारतीय टीम में चयनित होने पर बधाई दी। उन्होंने जूनियर एशिया कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनकी तैयारियों की जानकारी भी ली। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार और संचालक तनुजा सलाम ने भी दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

दोनों खिलाड़ी प्रदेश की पहली आवासीय खेल अकादमी में वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो और मुख्य प्रशिक्षक अजीत लकड़ा के मार्गदर्शन में हॉकी का प्रशिक्षण ले रही हैं।

मधु सिदार का सफर

जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड के पोंगरो गांव की रहने वाली मधु सिदार किसान परिवार से हैं। वह सब-जूनियर नेशनल चैंपियनशिप 2024-25, स्कूल नेशनल 2024-25 और सब-जूनियर इंटर जोन चैंपियनशिप-2025 में हिस्सा ले चुकी हैं। उनकी टीम ने आंध्र प्रदेश में आयोजित हॉकी इंडिया नेशनल चैंपियनशिप-2025 में चौथा स्थान हासिल किया था। मधु ने इस वर्ष छत्तीसगढ़ में आयोजित देश के पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में भी भाग लिया। अप्रैल 2026 से वह बेंगलुरु में भारतीय जूनियर टीम के साथ प्रशिक्षण ले रही हैं।

गीता यादव का अंतरराष्ट्रीय अनुभव

कबीरधाम जिले के बोड़ला की गीता यादव ने हॉकी का प्रारंभिक प्रशिक्षण कोच शिवा चौहान से प्राप्त किया। उनका अंतरराष्ट्रीय सफर वर्ष 2024 में शुरू हुआ, जब उन्होंने नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे पर भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। इसके बाद वह अर्जेंटीना दौरा-2025 तथा इंग्लैंड और स्कॉटलैंड दौरा-2026 में भी भारतीय टीम का हिस्सा रहीं। अब उनका चयन जूनियर एशिया कप के लिए भारतीय टीम में होने से छत्तीसगढ़ के खेल जगत को एक और बड़ी उपलब्धि मिली है।