छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में बुधवार सुबह हुए सड़क हादसे में मुंबई की 24 वर्षीय बाइक राइडर रिद्धि ठक्कर की मौत हो गई। रिद्धि मुंबई से आए करीब 23 बाइक राइडर्स के दल के साथ बस्तर घूमने जा रही थीं। हादसा एनएच-30 पर मरकाटोला घाट के पास हुआ, जहां पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
जानकारी के मुताबिक, बाइक राइडर्स का अधिकांश दल आगे निकल चुका था, जबकि रिद्धि कुछ अन्य साथियों के साथ पीछे चल रही थीं। सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच मरकाटोला घाट के पास ट्रेलर ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मारी। टक्कर के बाद रिद्धि सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।
साथी राइडर्स ने तुरंत घटना की जानकारी दी। डायल-112 की मदद से उन्हें पहले चारामा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर धमतरी के श्रीराम अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक फरार
घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि ट्रेलर और उसके चालक की पहचान की जा सके। हादसे के संबंध में रिद्धि के साथ यात्रा कर रहे लोगों के बयान भी दर्ज किए गए हैं।
रिद्धि ठक्कर मुंबई की रहने वाली थीं और बाइकिंग की शौकीन थीं। उनका यह सफर बस्तर की खूबसूरत वादियों को करीब से देखने के लिए था, लेकिन धमतरी में हुए हादसे ने यात्रा को मातम में बदल दिया। पुलिस ने उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। फरार वाहन और चालक की तलाश जारी है।




