सुकमा में नक्सलियों के बड़े डंप का खुलासा, AK-47 से लेकर ग्रेनेड और लॉन्चर तक बरामद

जिला पुलिस बल, DRG और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों से मिली सूचना के आधार पर जंगल और पहाड़ी इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया। इसी दौरान भंडारपदर के जंगल में छिपा हुआ डंप मिला। 

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने जंगल में छिपाकर रखे गए नक्सली डंप का पता लगाकर भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। बरामदगी में AK-47 और INSAS के कारतूस, ग्रेनेड, BGL लॉन्चर और बड़ी संख्या में विस्फोटक शामिल हैं। 

जंगल में छिपाकर रखा था हथियारों का जखीरा

पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई सुकमा के भेज्जी थाना क्षेत्र के भंडारपदर-मुनुरकोंडा इलाके में की गई। जिला पुलिस बल, DRG और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों से मिली सूचना के आधार पर जंगल और पहाड़ी इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया। इसी दौरान भंडारपदर के जंगल में छिपा हुआ डंप मिला। 

छह BGL लॉन्चर समेत कई हथियार बरामद

सुरक्षा बलों को डंप से SLR राइफल, .315 बोर की राइफल, .410 मस्कट राइफल, 6 BGL लॉन्चर, सिंगल शॉट राइफल, देसी .315 बोर पिस्टल, 5 बारह बोर राइफल और 7 मजल-लोडिंग गन मिली हैं। इसके अलावा बड़ी मात्रा में अलग-अलग हथियारों के कारतूस भी बरामद किए गए। 

बरामद सामान में 45 AK-47 राउंड, 196 SLR राउंड, 89 INSAS राउंड, 97 .303 राउंड, 20 .315 राउंड और 45 बारह बोर के कारतूस शामिल हैं। BGL से जुड़े दर्जनों शेल और वारहेड भी सुरक्षा बलों के हाथ लगे हैं। 

240 जिलेटिन स्टिक और बारूद भी मिला

पुलिस के अनुसार, डंप से 5 देसी हैंड ग्रेनेड, 240 जिलेटिन स्टिक और करीब 18 किलो गनपाउडर भी बरामद हुआ। इसके साथ ही खाली कारतूस, मैगजीन, पाउच, बेल्ट और अन्य सैन्य उपयोग की सामग्री मिली है।