बरसात के बाद छत्तीसगढ़ में सड़क और पुल निर्माण से जुड़े कामों को गति मिलने वाली है। राज्य शासन ने 672 करोड़ 22 लाख 30 हजार रुपये की लागत वाले 24 महत्वपूर्ण कार्यों की निविदाओं को मंजूरी दे दी है। इन परियोजनाओं में नई सड़कों और पुलों का निर्माण, सड़क चौड़ीकरण, मजबूतीकरण, उन्नयन, विद्युतीकरण और सौंदर्यीकरण शामिल है।
लोक निर्माण विभाग ने संबंधित अधिकारियों को चयनित ठेकेदारों और निर्माण एजेंसियों को जल्द से जल्द कार्यादेश जारी कर काम शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने को कहा है।
24 कार्यों में 7 नई सड़कें और 12 चौड़ीकरण-मजबूतीकरण के काम
लोक निर्माण विभाग के मुताबिक स्वीकृत 24 कार्यों में 7 नई सड़कों, 2 पुल एवं पहुंच मार्ग, 3 सड़क उन्नयन तथा 12 सड़क चौड़ीकरण और मजबूतीकरण से जुड़े कार्य शामिल हैं।
दुर्ग, धमतरी और राजनांदगांव में नई सड़कें
दुर्ग जिले में पुलगांव पुल मुख्य मार्ग से अंजोरा-रसमड़ा राज्य मार्ग तक पुल-पुलिया सहित 5.28 किलोमीटर फोरलेन सड़क के लिए 28.02 करोड़ रुपये से अधिक की निविदा मंजूर हुई है। वहीं धमतरी के आमदी में 3.50 किलोमीटर फोरलेन गौरव पथ के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए करीब 19.26 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
राजनांदगांव के डोंगरगढ़ में पुल-पुलियों सहित 8 किलोमीटर फोरलेन परिक्रमा पथ के लिए करीब 46.22 करोड़ रुपये की निविदा मंजूर की गई है।
अरपा और खारून नदी पर बनेंगे हाई लेवल ब्रिज
बिलासपुर जिले में अरपा नदी पर लोधीपारा (सरकंडा)-कोनी मार्ग में उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग के लिए करीब 17.63 करोड़ रुपये तथा चोरहादेवरी-परसदा मार्ग में खारून नदी पर उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग के लिए करीब 7.68 करोड़ रुपये की निविदा स्वीकृत हुई है।
रायपुर में अभनपुर के पुराने NH-30 के 2.60 किलोमीटर हिस्से के फोरलेन उन्नयन के लिए 17.32 करोड़ रुपये से अधिक की निविदा मंजूर की गई है।



