सिंगापुर से छत्तीसगढ़ को 350 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव, बनेगा एग्रो-फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब

इस परियोजना से किसानों को अपनी उपज के लिए नए बाजार मिलने की उम्मीद है। साथ ही राज्य के भीतर ही कृषि उत्पादों की वैल्यू बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करने में मदद मिलेगी।

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कृषि और खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में बड़ा निवेश आने की राह खुल गई है। सिंगापुर मुख्यालय वाली ग्लोबल एग्रीबिजनेस कंपनी Valency International Pte Ltd ने छत्तीसगढ़ में 350 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कंपनी को निवेश का निमंत्रण सौंपा।

काजू, तिल, दाल और मूंगफली की होगी प्रोसेसिंग

प्रस्तावित निवेश के तहत राज्य में एक इंटीग्रेटेड एग्रो, फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब स्थापित किया जाएगा। यहां काजू, तिल, दालों और मूंगफली जैसी कृषि उपज की प्रोसेसिंग की जाएगी।

इस परियोजना से किसानों को अपनी उपज के लिए नए बाजार मिलने की उम्मीद है। साथ ही राज्य के भीतर ही कृषि उत्पादों की वैल्यू बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करने में मदद मिलेगी। Valency International का कारोबार दुनिया के 22 देशों में फैला हुआ है।

किसानों से लेकर युवाओं तक को फायदा

एग्रो-फूड प्रोसेसिंग हब के जरिए किसानों को केवल कच्चे कृषि उत्पाद बेचने के बजाय उनकी प्रोसेस्ड उपज के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में काम होगा। इससे कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर बनने की संभावना है।

सिंगापुर से कुल 43,250 करोड़ के निवेश प्रस्ताव

सिंगापुर में आयोजित SING Forum 2026 के दौरान छत्तीसगढ़ को कुल 43,250 करोड़ रुपये के FDI निवेश की प्रतिबद्धताएं मिली हैं। इसमें एनर्जी कैपिटल ग्लोबल की ओर से 41,750 करोड़ रुपये की लागत से 100 मेगावाट क्षमता का AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस स्थापित करने का प्रस्ताव शामिल है। वहीं, सनस्ट्रीम ग्रीन एनर्जी ने सोलर, बैटरी स्टोरेज और कंपोनेंट सेक्टर में 1,500 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है।