छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप के काफिले के साथ रविवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोंडागांव जिले में हुए इस हादसे में मंत्री केदार कश्यप बाल-बाल बच गए, जबकि उनके काफिले में शामिल फॉलो वाहन में सवार PA समेत 5 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घायलों को कोंडागांव जिला अस्पताल ले जाया गया।
तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, मंत्री केदार कश्यप का काफिला फरसागुड़ा से कोंडागांव की ओर लौट रहा था। इसी दौरान जूनवानी के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पहले मंत्री की कार को टक्कर मारी और फिर पीछे चल रहे फॉलो वाहन से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि फॉलो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि मंत्री केदार कश्यप को गंभीर चोट नहीं आई और वह सुरक्षित हैं।
PA और ड्राइवर रायपुर रेफर
हादसे में मंत्री के PA अनुराग शर्मा के सीने में गंभीर दर्द बताया गया है। वहीं फॉलो वाहन के ड्राइवर सुनील कुमार मौर्य के सिर, चेहरे और पैर में चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
इसके अलावा प्रधान आरक्षक राजेश नेताम के सिर में भी गंभीर चोट आई है और उनका उपचार जारी है। हादसे में घायल अन्य लोगों का भी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने टक्कर मारने वाले स्कॉर्पियो चालक से पूछताछ शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ और वाहन की रफ्तार कितनी थी, इसकी जांच की जा रही है।



