NEET UG काउंसलिंग को लेकर स्वास्थ्य मंत्री का बड़ा बयान, बोले- छत्तीसगढ़ के बच्चों की एक भी सीट प्रभावित नहीं होगी

काउंसलिंग समिति ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी अभ्यर्थी ने गलत या झूठी जानकारी देकर प्रवेश हासिल किया या महत्वपूर्ण तथ्य छिपाए, तो उसका प्रवेश नियमानुसार रद्द किया जा सकता है।

छत्तीसगढ़ में NEET UG काउंसलिंग 2026 को लेकर राज्य सरकार ने छात्रों के हित में अपना रुख साफ कर दिया है। चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा है कि छत्तीसगढ़ के बच्चों के हक की एक भी मेडिकल सीट प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। सरकार का उद्देश्य प्रदेश के पात्र विद्यार्थियों को मेडिकल शिक्षा का अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराना है।

डोमिसाइल को लेकर शिकायत पर होगी जांच

मंत्री जायसवाल ने कहा कि यदि डोमिसाइल या दस्तावेजों को लेकर कोई शिकायत सामने आती है, तो उसकी गंभीरता से जांच कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन अभ्यर्थियों के दस्तावेज सही हैं, उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है। वहीं, नियमों का उल्लंघन या फर्जीवाड़ा पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों ने मेडिकल कॉलेज में प्रवेश के लिए कड़ी मेहनत की है। उनके भविष्य और अधिकारों की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है। प्रदेश में मेडिकल कॉलेज और MBBS सीटों की संख्या बढ़ाने का उद्देश्य भी यही है कि अधिक से अधिक स्थानीय विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा का अवसर मिल सके।

ऑनलाइन और पारदर्शी तरीके से हो रही काउंसलिंग

राज्य काउंसलिंग समिति के अनुसार NEET UG 2026 की राज्य स्तरीय काउंसलिंग ऑनलाइन और पारदर्शी तरीके से संचालित की जा रही है। प्रक्रिया में पंजीयन, च्वाइस फिलिंग, सीट आवंटन, मूल दस्तावेजों की जांच और प्रवेश शामिल हैं।

नियमों के तहत अभ्यर्थियों के मूल निवासी प्रमाण-पत्र, श्रेणी या संवर्ग संबंधी प्रमाण-पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। केवल सीट आवंटित हो जाने से प्रवेश अंतिम नहीं माना जाएगा; दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही प्रवेश प्रक्रिया पूरी होगी।

फर्जी जानकारी देने पर एडमिशन होगा रद्द

काउंसलिंग समिति ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी अभ्यर्थी ने गलत या झूठी जानकारी देकर प्रवेश हासिल किया या महत्वपूर्ण तथ्य छिपाए, तो उसका प्रवेश नियमानुसार रद्द किया जा सकता है। प्रवेश के बाद भी यदि दस्तावेजों में गड़बड़ी सामने आती है, तो जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

छात्रों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील

राज्य सरकार और काउंसलिंग समिति ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे NEET UG काउंसलिंग को लेकर किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक जानकारी पर भरोसा न करें। किसी समस्या या शिकायत की स्थिति में उम्मीदवार आधिकारिक काउंसलिंग व्यवस्था के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।