छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट को नया डायरेक्टर मिल गया है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) ने मोहम्मद आरिफ को रायपुर एयरपोर्ट का नया एयरपोर्ट डायरेक्टर नियुक्त किया है। वह 6 अक्टूबर 2026 से अपने नए पद की जिम्मेदारी संभालेंगे।
मोहम्मद आरिफ को एयरपोर्ट संचालन और प्रशासन का लंबा अनुभव है। रायपुर की जिम्मेदारी मिलने से पहले वह बागडोगरा एयरपोर्ट और कोयंबटूर इंटरनेशनल एयरपोर्ट में एयरपोर्ट डायरेक्टर के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। अलग-अलग महत्वपूर्ण एयरपोर्ट पर काम करने के दौरान उन्हें संचालन, प्रशासन और यात्री सुविधाओं से जुड़े कामकाज का व्यापक अनुभव मिला है।
AAI के कमर्शियल विभाग से जुड़े रहे हैं
मोहम्मद आरिफ भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के कमर्शियल विभाग से भी जुड़े रहे हैं। ऐसे में एयरपोर्ट के व्यावसायिक संचालन, यात्री सेवाओं और प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े उनके अनुभव का लाभ रायपुर एयरपोर्ट को मिलने की उम्मीद है।
यात्री सुविधाओं पर रहेगा फोकस
रायपुर एयरपोर्ट छत्तीसगढ़ का प्रमुख विमानन केंद्र है, जहां से बड़ी संख्या में यात्री हवाई सेवाओं का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में नए डायरेक्टर के सामने एयरपोर्ट संचालन को सुचारू बनाए रखने के साथ यात्री सुविधाओं को बेहतर करने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने की जिम्मेदारी होगी।



