AAP के रणनीतिकार से BJP के राष्ट्रीय मंत्री तक: संदीप पाठक को नितिन नवीन की टीम में बड़ी जिम्मेदारी

संदीप पाठक का संबंध छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के बटहा गांव से है। उनका जन्म 4 अक्टूबर 1979 को हुआ था। उनका परिवार खेती-किसानी से जुड़ा रहा है।

भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार, 17 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया। इस टीम में आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़कर भाजपा में शामिल हुए राज्यसभा सांसद डॉ. संदीप पाठक को राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।

संदीप पाठक का भाजपा में यह नया दायित्व इसलिए अहम माना जा रहा है, क्योंकि वे कभी आम आदमी पार्टी के प्रमुख रणनीतिकारों में शामिल थे और अरविंद केजरीवाल के करीबी नेताओं में उनकी गिनती होती थी। अप्रैल 2026 में उन्होंने AAP के छह अन्य राज्यसभा सांसदों के साथ भाजपा का दामन थामा था।

छत्तीसगढ़ के छोटे से गांव से राष्ट्रीय राजनीति तक

संदीप पाठक का संबंध छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के बटहा गांव से है। उनका जन्म 4 अक्टूबर 1979 को हुआ था। उनका परिवार खेती-किसानी से जुड़ा रहा है। शुरुआती पढ़ाई गांव और बिलासपुर में करने के बाद उन्होंने उच्च शिक्षा हासिल की और कैंब्रिज यूनिवर्सिटी से पीएचडी की। इसके बाद उन्होंने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और MIT में शोध किया तथा IIT दिल्ली में भी अध्यापन किया।

पंजाब में AAP की जीत के पीछे निभाई थी अहम भूमिका

राजनीति में सक्रिय होने के बाद पाठक AAP के संगठन और चुनावी रणनीति तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने लगे। खास तौर पर 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में पार्टी की शानदार जीत के पीछे उनकी रणनीतिक भूमिका की काफी चर्चा हुई थी। बाद में उन्हें AAP का राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बनाया गया और वे पंजाब, गुजरात समेत कई राज्यों में पार्टी की रणनीति से जुड़े रहे।

अप्रैल में BJP में हुए थे शामिल

2026 में AAP से अलग होकर भाजपा में शामिल होने वाले सात राज्यसभा सांसदों में संदीप पाठक भी शामिल थे। उनका भाजपा में जाना AAP के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना गया था। अब कुछ ही महीनों बाद भाजपा की राष्ट्रीय टीम में उन्हें महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारी मिलना उनके राजनीतिक सफर में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है।

नितिन नवीन की टीम में कई बड़े बदलाव

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में कुल 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 8 राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किए गए हैं। स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव और राम माधव समेत कई नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी की नई टीम को आगामी राजनीतिक चुनौतियों और चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।