आमिर खान स्टारर सुपरहिट फिल्म ‘3 इडियट्स’ की सितंबर में सिनेमाघरों में री-रिलीज को लेकर चल रही चर्चाओं पर अब आधिकारिक बयान सामने आ गया है। फिल्म के प्रोडक्शन हाउस विदु विनोद चोपड़ा फिल्म्स ने साफ किया है कि 4 सितंबर 2026 को फिल्म की री-रिलीज की खबरें पूरी तरह गलत और तथ्यहीन हैं।
प्रोडक्शन हाउस ने अपने बयान में कहा कि मीडिया और दर्शक केवल उनके आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर जारी जानकारी पर ही भरोसा करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि ‘3 इडियट्स’ की किसी भी तरह की थिएटर री-रिलीज की फिलहाल कोई योजना नहीं है।
दोबारा रिलीज नहीं होगी फिल्म
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया और कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि आमिर खान, आर. माधवन और शरमन जोशी अभिनीत यह फिल्म 4 सितंबर को दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इन खबरों के बाद फैन्स में उत्साह था, लेकिन मेकर्स के आधिकारिक बयान ने इन सभी अटकलों पर विराम लगा दिया।
हालांकि, प्रोडक्शन हाउस ने यह जरूर संकेत दिया है कि उनकी क्लासिक फिल्म ‘1942: ए लव स्टोरी’ का 8K रिस्टोरेशन और डॉल्बी 5.1 साउंड के साथ री-रिलीज का प्लान है, लेकिन ‘3 इडियट्स’ के लिए ऐसी कोई घोषणा नहीं की गई है।




