बॉलीवुड अभिनेत्री नुसरत भरूचा बाली में हुए एक हादसे में घायल हो गई हैं। उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है। हादसे के बाद उन्हें बाली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं। अभिनेत्री की टीम ने यह जानकारी दी है।
एयर एंबुलेंस से मुंबई लाने की तैयारी
नुसरत बाली में काम और छुट्टियों से जुड़े कार्यक्रम के लिए गई थीं। हादसे के बाद उनकी टीम अब उन्हें एयर एंबुलेंस के जरिए मुंबई लाने की तैयारी कर रही है। डॉक्टरों के आगे के मूल्यांकन के बाद मुंबई में उनकी स्पाइन सर्जरी की जाएगी।
कुछ हफ्तों तक काम से रहना पड़ सकता है दूर
नुसरत की टीम के मुताबिक, चोट और सर्जरी के बाद अभिनेत्री को पर्याप्त आराम और रिकवरी के लिए समय की जरूरत होगी। ऐसे में आने वाले कुछ हफ्तों में उनके काम से जुड़े कार्यक्रम प्रभावित हो सकते हैं। टीम ने फिलहाल उनकी सेहत और इलाज को प्राथमिकता बताया है।
हादसा कैसे हुआ, इसकी जानकारी सामने नहीं आई
अभी तक नुसरत के साथ हादसा किस तरह हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी उनकी टीम की ओर से साझा नहीं की गई है। टीम ने लोगों और प्रशंसकों से उनकी निजता का सम्मान करने की अपील की है और चिंता जताने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया है।
हादसे से कुछ दिन पहले नुसरत ने सोशल मीडिया पर बाली ट्रिप की तस्वीरें साझा की थीं। वह काम के सिलसिले में बाली गई थीं और बाद में उन्होंने वहां अपना प्रवास कुछ दिनों के लिए बढ़ा दिया था।




