रायपुर। छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए रक्षाबंधन से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री ने मंगलवार, 25 अगस्त को बालोद जिले के डौंडीलोहारा स्थित लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम में आयोजित महतारी वंदन सम्मान समारोह में योजना की 31वीं किस्त जारी कर दी। इसके तहत प्रदेश की 67 लाख 28 हजार 918 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में कुल 631 करोड़ 38 लाख 37 हजार 700 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए।
रक्षाबंधन से पहले जारी की सितंबर की किस्त
सरकार के मुताबिक, महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त सितंबर में जारी होनी थी, लेकिन रक्षाबंधन को देखते हुए इसे करीब एक सप्ताह पहले ही जारी कर दिया गया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महिलाओं के चेहरे की मुस्कान, उनका बढ़ता आत्मविश्वास और उनका आशीर्वाद सरकार की सबसे बड़ी शक्ति है।
महिलाओं के लिए आर्थिक सहारा बनी योजना
महतारी वंदन योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। आधिकारिक योजना पोर्टल के अनुसार इसका उद्देश्य महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन के साथ उनके स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सुधार तथा परिवार में उनकी निर्णायक भूमिका को मजबूत करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाएं इस राशि का इस्तेमाल स्वास्थ्य, पोषण, बच्चों की पढ़ाई, पारिवारिक बचत और छोटे कारोबार जैसी जरूरतों में कर रही हैं। कई महिलाएं बेटियों के भविष्य के लिए भी इस राशि का उपयोग कर रही हैं।
अब तक करीब 20 हजार करोड़ रुपये ट्रांसफर
सरकार के अनुसार, महतारी वंदन योजना के तहत अब तक लगभग 20 हजार करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में अंतरित किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में 13.85 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। इसके अलावा ड्रोन दीदी पहल के जरिए स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर आय बढ़ा रही हैं।



