कोरिया जिले की चरचा थाना पुलिस ने एक गंभीर आपराधिक मामले को सुलझाते हुए बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने 8 साल की नाबालिग बच्ची का अपहरण करने और उसकी मां के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने वाले मुख्य आरोपी को अरेस्ट कर लिया है।
क्या था पूरा मामला?
पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के मुताबिक, 5 जुलाई की रात चरचा थाना इलाके में एक युवक बुरी नीयत से एक महिला के घर में घुसा। महिला द्वारा कड़ा विरोध करने पर वह अपने नापाक इरादों में कामयाब नहीं हो पाया। बौखलाहट में आरोपी ने महिला की 8 वर्षीय बेटी का अपहरण कर लिया और अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भाग निकला।
साइबर सेल और मुखबिरों की ली गई मदद
घटना की रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस ने तत्काल एक विशेष टीम बनाई। 6 जुलाई की सुबह पुलिस ने अपहृत बच्ची को तो सकुशल बरामद कर लिया, लेकिन आरोपी फरार चल रहा था। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने तिलवनडांड़ गांव के रहने वाले 28 वर्षीय विजय सिंह उर्फ पप्पू को 14 जुलाई को धर दबोचा।
आरोपी भेजा गया जेल
गिरफ्तारी के वक्त पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात के समय पहने हुए कपड़े और अन्य साक्ष्य भी जब्त किए हैं। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, अपहरण और दुष्कर्म के प्रयास की गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
