क्रिकेट के महानायक सर गैरी सोबर्स का निधन, 89 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा

उन्होंने महज 17 साल की उम्र में 1954 में इंग्लैंड के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया। अपने डेब्यू टेस्ट में उन्होंने दोनों पारियों में कुल 40 रन बनाए और पहली पारी में 4 विकेट भी हासिल किए। हालांकि वह मुकाबला इंग्लैंड ने 9 विकेट से जीत लिया था।

क्रिकेट इतिहास के महानतम ऑलराउंडरों में शुमार वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिकेटर सर गारफील्ड सोबर्स (Garfield Sobers) का 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह करीब दो सप्ताह बाद अपना 90वां जन्मदिन मनाने वाले थे। उनके निधन की खबर से क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने सोशल मीडिया पर उनके निधन की पुष्टि करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

सर गारफील्ड सोबर्स ने 1954 से 1973 तक वेस्टइंडीज का प्रतिनिधित्व किया और अपने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन से क्रिकेट इतिहास में अमिट छाप छोड़ी। उस दौर में, जब वनडे क्रिकेट का अस्तित्व नहीं था, सोबर्स टेस्ट क्रिकेट के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में गिने जाते थे।

17 साल की उम्र में किया डेब्यू

उन्होंने महज 17 साल की उम्र में 1954 में इंग्लैंड के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया। अपने डेब्यू टेस्ट में उन्होंने दोनों पारियों में कुल 40 रन बनाए और पहली पारी में 4 विकेट भी हासिल किए। हालांकि वह मुकाबला इंग्लैंड ने 9 विकेट से जीत लिया था।

एक वनडे मैच खेला

अपने 93 टेस्ट मैचों के करियर में सोबर्स ने 8,032 रन बनाए और 235 विकेट झटके। वनडे क्रिकेट में उन्हें सिर्फ एक मैच खेलने का मौका मिला, जिसमें उन्होंने एक विकेट हासिल किया।

28 जुलाई 1936 को कैरेबियाई द्वीप बारबाडोस में जन्मे सर गारफील्ड सोबर्स अपनी बहुमुखी गेंदबाजी के लिए भी प्रसिद्ध थे। वह बाएं हाथ से तेज गेंदबाजी करने के साथ-साथ बाएं हाथ की ऑर्थोडॉक्स स्पिन और बाएं हाथ की चिनामैन (लेग स्पिन) गेंदबाजी भी कर सकते थे। यही बहुमुखी प्रतिभा उन्हें क्रिकेट इतिहास के सबसे संपूर्ण ऑलराउंडरों में शामिल करती है।

सर गारफील्ड सोबर्स का योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा बना रहेगा। उनके निधन से विश्व क्रिकेट ने अपने सबसे महान खिलाड़ियों में से एक को खो दिया है।