नई दिल्ली। भारत में होने वाली एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 से पाकिस्तान बाहर हो गया है। पाकिस्तान की जगह अब बांग्लादेश को टूर्नामेंट में शामिल किया गया है। हॉकी इंडिया की ताजा जानकारी के मुताबिक प्रतियोगिता में भारत के अलावा जापान, चीन, मलेशिया, दक्षिण कोरिया और बांग्लादेश की टीमें हिस्सा लेंगी।
भारत में खेलने से किया इनकार
एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक पंजाब के जालंधर और मोहाली में होना है। पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन ने पहले टूर्नामेंट को भारत से बाहर कराने या पाकिस्तान के मुकाबले किसी न्यूट्रल वेन्यू पर कराने की मांग की थी। भारत की ओर से आयोजन स्थल बदलने की मांग स्वीकार नहीं की गई।
इसके बाद पाकिस्तान ने मौजूदा व्यवस्था के तहत भारत की यात्रा कर टूर्नामेंट में खेलने से इनकार कर दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक सुरक्षा कारणों को लेकर पाकिस्तान की ओर से यह फैसला लिया गया। इसके बाद पाकिस्तान की जगह बांग्लादेश को शामिल किया गया।
जालंधर और मोहाली में होंगे मुकाबले
टूर्नामेंट के लीग मुकाबले 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक जालंधर के ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। इसके बाद सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में होंगे। फाइनल 5 नवंबर को खेला जाएगा।
