FIFA World Cup 2026 अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। 19 जुलाई को होने वाले फाइनल मुकाबले में स्पेन और अर्जेंटीना आमने-सामने होंगे। इस महामुकाबले से पहले फीफा ने मैच के लिए मुख्य रेफरी के नाम का आधिकारिक ऐलान कर दिया है।
फीफा ने स्लोवेनिया के अनुभवी रेफरी स्लावको विनचिच को फाइनल मुकाबले का मुख्य रेफरी नियुक्त किया है। यह उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है। खास बात यह है कि वह फीफा विश्व कप फाइनल में मुख्य रेफरी की जिम्मेदारी निभाने वाले पहले स्लोवेनियाई रेफरी बन गए हैं।
विनचिच के साथ टोमाज़ क्लान्चनिक और आंद्राज़ कोवाचिच सहायक रेफरी की भूमिका निभाएंगे। वहीं, जॉर्डन के अधहम मख़ादमेह को चौथा अधिकारी बनाया गया है। वीडियो असिस्टेंट रेफरी (VAR) की जिम्मेदारी जर्मनी के बास्टियन डांकेर्ट संभालेंगे।
सबसे अनुभवी रेफरी में गिने जाते हैं विनचिच
स्लावको विनचिच यूरोप के सबसे अनुभवी रेफरी में गिने जाते हैं। उन्होंने UEFA चैंपियंस लीग, यूरोपीय चैंपियनशिप और कई बड़े अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में सफलतापूर्वक रेफरिंग की है। उनके अनुभव को देखते हुए फीफा ने विश्व कप के सबसे अहम मुकाबले की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है।
फाइनल पर सभी की निगाहें
स्पेन और अर्जेंटीना के बीच होने वाला यह फाइनल मुकाबला दुनिया भर के करोड़ों फुटबॉल प्रशंसकों की नजरों में रहेगा। ऐसे में रेफरी की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण होगी, क्योंकि छोटे से छोटा फैसला भी मैच के नतीजे पर असर डाल सकता है।
अब सभी की निगाहें इस ऐतिहासिक मुकाबले पर हैं, जहां दोनों टीमें विश्व चैंपियन बनने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने उतरेंगी, जबकि स्लावको विनचिच निष्पक्ष और सफल संचालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी निभाएंगे।



