निर्देशक आकाशादित्य लामा की आगामी फिल्म ‘दुल्हनिया ले आएगी’ का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर रिलीज हो गया है। रंग-बिरंगे गानों और आकर्षक पोस्टर्स के बाद सामने आए ट्रेलर में कॉमेडी, रोमांस, पारिवारिक रिश्तों और शादी की अफरा-तफरी का शानदार मेल देखने को मिलता है। ट्रेलर दर्शकों को एक ऐसी फैमिली एंटरटेनर की झलक देता है, जिसमें हंसी के साथ इमोशंस और कई दिलचस्प ट्विस्ट भी शामिल हैं।
एक दुल्हन, कई दूल्हे और मजेदार कहानी
फिल्म की कहानी एक ऐसी दुल्हन के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसके सामने शादी को लेकर समय की बड़ी चुनौती खड़ी हो जाती है। इसी दौरान उसकी जिंदगी में कई संभावित दूल्हों की एंट्री होती है और शुरू होती है सही दूल्हे की तलाश की मजेदार जंग। हास्य, भावनाओं और पारिवारिक रिश्तों का बेहतरीन संतुलन फिल्म को एक संपूर्ण फैमिली एंटरटेनर बनाता है।
निर्देशक आकाशादित्य लामा ने कही ये बात
फिल्म के निर्देशक आकाशादित्य लामा ने ट्रेलर लॉन्च के मौके पर कहा, “हर शादी में ड्रामा होता है, लेकिन ‘दुल्हनिया ले आएगी’ में यह ड्रामा फेरों से पहले ही शुरू हो जाता है। हमारी कोशिश थी कि ट्रेलर देखने के बाद दर्शकों के चेहरे पर मुस्कान आए और उनके मन में यह उत्सुकता भी बनी रहे कि आगे क्या होगा। यह तेज रफ्तार, मजेदार और भावनात्मक फिल्म है, जिससे हर दर्शक खुद को जोड़ पाएगा।”
खुशाली कुमार ने बताया सबसे मजेदार किरदार
फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहीं खुशाली कुमार ने अपने किरदार को लेकर उत्साह जताते हुए कहा, “यह मेरे करियर के सबसे मनोरंजक किरदारों में से एक है। मेरा किरदार आत्मविश्वासी, अप्रत्याशित और हर पल सभी को चौंकाने वाला है। ट्रेलर फिल्म की ऊर्जा और उसके मजेदार अंदाज को खूबसूरती से पेश करता है। अब मुझे दर्शकों की प्रतिक्रिया का बेसब्री से इंतजार है।”
फैमिली एंटरटेनमेंट का पूरा पैकेज
ट्रेलर से साफ है कि ‘दुल्हनिया ले आएगी’ सिर्फ एक रोमांटिक कॉमेडी नहीं, बल्कि परिवार, रिश्तों और शादी से जुड़े दिलचस्प घटनाक्रमों से सजी एक मनोरंजक कहानी है। फिल्म में हास्य, रोमांस, इमोशन और पारिवारिक ड्रामे का भरपूर तड़का देखने को मिलेगा। ट्रेलर को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और अब सभी को फिल्म की रिलीज का इंतजार है।




