छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर के नेहरू नगर इलाके में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। बदमाशों ने एक कारोबारी के सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली। घटना उस समय हुई जब परिवार घर पर मौजूद नहीं था।
जानकारी के मुताबिक, चोर पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे। उन्होंने चेहरे पर नकाब और हाथों में ग्लव्स पहन रखे थे, ताकि उनकी पहचान न हो सके। घर में घुसने के बाद बदमाशों ने अलमारी और अन्य सामान खंगालकर करीब 4 लाख रुपये के जेवर लेकर फरार हो गए। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में अलग-अलग टीमों को लगाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए सामान की बरामदगी की जाएगी।

