छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में गुरुवार को विस्फोटकों को नष्ट करने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कोंटा क्षेत्र के एलार्मडगु कैंप से करीब 200 मीटर दूर बोदराजपदर नाला के पास हुए ब्लास्ट में CRPF के चार जवान घायल हो गए। इनमें दो जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, कोंटा रेंज के अलग-अलग कैंपों में रखे खराब और बचे हुए विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से नष्ट करने के लिए जगदलपुर से एम्युनिशन टेक्नीशियन टीम (ATT) पहुंची थी। टीम विस्फोटकों को नष्ट करने की प्रक्रिया में जुटी थी, इसी दौरान एक विस्फोटक का हिस्सा उछलकर पास में जा गिरा और कुछ देर बाद जोरदार धमाका हो गया।
दो जवान गंभीर घायल
हादसे में ATT टीम के ASI एमके तिवारी और 50वीं वाहिनी CRPF के ASI अनीश खान गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं ATT टीम के इंस्पेक्टर अमरनाथ मिश्रा और 50वीं वाहिनी CRPF के प्रधान आरक्षक कुलदीप राज को भी चोटें आई हैं।
ब्लास्ट के बाद घायल जवानों को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया और इसके बाद सभी को कोंटा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल जवानों को जरूरत पड़ने पर उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
