छत्तीसगढ़ कैबिनेट के बड़े फैसले: पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षक के 36 पदों पर होगी भर्ती, आदिम जाति विभाग का नाम बदला

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि मंत्रिपरिषद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने पर अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में रविवार को राजधानी रायपुर में हुई कैबिनेट की बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पत्रकारों को कैबिनेट के फैसलों की जानकारी दी। इन निर्णयों में पूर्व अग्निवीरों के लिए पुलिस विभाग में भर्ती और विभाग के नाम में बदलाव प्रमुख हैं।

पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षक के 36 पद

कैबिनेट ने पूर्व अग्निवीरों को रोजगार का अवसर देने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इसके तहत गृह विभाग में आरक्षक के 36 रिक्त पदों पर पूर्व अग्निवीरों की भर्ती की जाएगी। इस फैसले को सैन्य सेवा पूरी कर चुके युवाओं को राज्य में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की पहल के रूप में देखा जा रहा है।

आदिम जाति विभाग अब कहलाएगा जनजाति कार्य विभाग

कैबिनेट ने आदिम जाति विभाग का नाम बदलकर जनजाति कार्य विभाग करने का फैसला भी लिया है। विभाग के नाम में यह बदलाव राज्य में जनजातीय समुदायों से जुड़े प्रशासनिक कार्यों की पहचान को नया स्वरूप देगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक कार्यकाल पर अभिनंदन प्रस्ताव

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि मंत्रिपरिषद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने पर अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया है। उन्होंने इसे राष्ट्र प्रथम, जनसेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और अंत्योदय के सिद्धांतों से जुड़ी महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।