भारत और श्रीलंका के बीच होने वाली टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने रविवार को उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर सरफराज खान के नाम का आधिकारिक ऐलान किया।
साई सुदर्शन की जगह सरफराज की वापसी
BCCI के मुताबिक साई सुदर्शन के दाहिने पैर के अंगूठे में ‘स्ट्रेस रिएक्शन’ है। वह फिलहाल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में हैं और मेडिकल टीम उनकी रिकवरी पर लगातार नजर रख रही है। उनकी हालत में सुधार हो रहा है, लेकिन वह श्रीलंका के खिलाफ होने वाली पूरी टेस्ट सीरीज में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।
सुदर्शन की जगह 28 वर्षीय सरफराज खान को भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। सरफराज लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे थे। उन्होंने नवंबर 2024 में अपना आखिरी टेस्ट मैच खेला था। अब चोटिल साई सुदर्शन के रिप्लेसमेंट के तौर पर उन्हें एक बार फिर टीम में जगह मिली है।
2024 में किया था टेस्ट डेब्यू
सरफराज खान ने भारत के लिए 2024 में टेस्ट डेब्यू किया था। उस साल उन्होंने कुल 6 टेस्ट मैच खेले और 11 पारियों में 371 रन बनाए। उनके नाम एक शतक और तीन अर्धशतक भी दर्ज हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ नवंबर 2024 में खेले गए टेस्ट के बाद वह भारतीय टीम से बाहर हो गए थे।
अब श्रीलंका दौरे पर सरफराज के पास खुद को साबित करने का एक और मौका होगा। हालांकि टीम में जगह बनाने के लिए उन्हें मजबूत प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ेगा।
15 अगस्त से शुरू होगी टेस्ट सीरीज
भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जानी है। पहला टेस्ट मुकाबला 15 अगस्त से गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होगा। इसके बाद दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। दोनों मुकाबले भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे शुरू होंगे।
टीम इंडिया का अपडेटेड स्क्वॉड
भारत की अपडेटेड टेस्ट टीम में शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, आकिब नबी और सरफराज खान शामिल हैं।
साई सुदर्शन के बाहर होने के बाद अब टीम मैनेजमेंट के सामने बल्लेबाजी क्रम को लेकर एक अहम फैसला होगा। वहीं सरफराज खान की वापसी ने टेस्ट टीम में जगह के लिए मुकाबला और दिलचस्प बना दिया है।



