तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदलेगा, सेवा ज्योति संकल्प की तर्ज पर होगा विकास

यहां केवल ‘सेवा ज्योति संकल्प’ की भावना के अनुरूप विकास कार्य किए जाएंगे। यानी चौक की पहचान और मौजूदा नाम में कोई बदलाव नहीं होगा।

रायपुर। राजधानी रायपुर के चर्चित तेलीबांधा चौक को लेकर चल रही नाम बदलने की अटकलों पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्थिति साफ कर दी है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदला जाएगा और उसके मूल स्वरूप से भी कोई छेड़छाड़ नहीं की जाएगी।

दरअसल, मुख्यमंत्री ने प्रदेश में 38 स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ विकसित करने की घोषणा की थी। इसमें रायपुर का तेलीबांधा चौक भी शामिल था। इसके बाद यह चर्चा तेज हो गई कि तेलीबांधा चौक का नाम बदलकर सेवा ज्योति संकल्प चौक किया जाएगा। इसको लेकर साहू समाज ने आपत्ति जताते हुए आंदोलन की चेतावनी भी दी थी।

सीएम ने कहा- भ्रम में न रहें

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्पष्ट किया कि तेलीबांधा चौक का नाम यथावत रहेगा। यहां केवल ‘सेवा ज्योति संकल्प’ की भावना के अनुरूप विकास कार्य किए जाएंगे। यानी चौक की पहचान और मौजूदा नाम में कोई बदलाव नहीं होगा।

बताया गया है कि ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के तहत प्रदेश के 38 स्थानों को विकसित किया जाना है। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चलाए जा रहे कार्यक्रमों से जुड़ी है।