Jagannath Rath Yatra: छत्तीसगढ़ की पावन धरती इन दिनों भगवान जगन्नाथ (Lord Jagannath) की भक्ति में सराबोर है। प्रदेशभर में गूंज रहे ‘जय जगन्नाथ’ के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा है और श्रद्धालुओं में प्रभु के दर्शन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। इस आध्यात्मिक उल्लास के बीच मौसम का मिजाज भी मानो भगवान के स्वागत में सज-धजकर तैयार है।
धमतरी, बस्तर, रायपुर, बिलासपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में उमड़-घुमड़ रहे बादल ऐसा आभास करा रहे हैं, जैसे प्रकृति स्वयं भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा की साक्षी बनने को आतुर हो। मौसम में आई ठंडक और बादलों की आवाजाही ने रथ यात्रा के उत्साह को और भी बढ़ा दिया है।
बारिश से भक्तों को मिलेगी राहत
मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के कई हिस्सों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ वर्षा की संभावना जताई है। यदि बारिश होती है तो यह गर्मी और उमस से राहत देने के साथ रथ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए सुखद अनुभव साबित हो सकती है। शीतल फुहारें इस पर्व के उत्साह में चार चांद लगाने का काम करेंगी।
कई इलाकों में बारिश की संभावना
धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद और बस्तर संभाग के कई क्षेत्रों में अच्छी वर्षा की संभावना है। वहीं जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और बिलासपुर सहित अन्य जिलों में भी बादलों की सक्रियता बनी हुई है। ऐसे में इस वर्ष भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा श्रद्धा, भक्ति और प्रकृति के मनोहारी संगम के बीच संपन्न होती नजर आ रही है।



