महादेव बेटिंग ऐप केस: ED ने कारोबारी विकास गर्ग को दिल्ली से किया गिरफ्तार, 10 दिन की रिमांड मांगी

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप (Mahadev Online Betting App) से जुड़े करोड़ों रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। जांच एजेंसी ने सिंडिकेट के एक अहम सदस्य और कारोबारी विकास गर्ग को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है।

रायपुर की विशेष अदालत में किया पेश
दिल्ली में गिरफ्तारी के बाद ईडी की टीम विकास गर्ग को लेकर सीधे रायपुर पहुंची। यहां टीम ने उसे मनी लॉन्ड्रिंग की विशेष अदालत (PMLA Court) में पेश किया और उससे गहन पूछताछ के लिए 10 दिन की रिमांड की मांग की है।

सूत्रों के मुताबिक, विकास गर्ग से पूछताछ में महादेव सट्टा नेटवर्क के हवाला लेनदेन, पैसों की हेराफेरी और इस सिंडिकेट से जुड़े कई सफेदपोश चेहरों के नाम सामने आ सकते हैं। बता दें कि इससे पहले भी ईडी विकास गर्ग की लगभग 940 करोड़ रुपये की बेनामी संपत्ति कुर्क कर चुकी है।

सौरभ चंद्राकर ओमान में हुआ था अरेस्ट
यह गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है जब महज 6 दिन पहले ही इस अवैध ऐप के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वह जाली इंडोनेशियाई पासपोर्ट के जरिए ओमान में घुसने की कोशिश कर रहा था।

ईडी की अब तक की जांच में यह साफ हो चुका है कि यह पूरा सट्टा सिंडिकेट विदेश से ‘पैनल और फ्रेंचाइजी नेटवर्क’ के जरिए भारत में चलाया जा रहा था, जिससे रोजाना करोड़ों रुपये की अवैध कमाई की जा रही थी।