गृह मंत्री अमित शाह ने ‘हनुमान अंश’ की कास्ट से की मुलाकात, नीम करौली बाबा को लेकर कही ये बात

फिल्म 7 अगस्त को रिलीज हुई थी। शुरुआती दिनों में इसकी कमाई महज 10 लाख रुपये रही थी, लेकिन अब इसने दुनिया भर में 347.05 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है।

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को फिल्म ‘हनुमान अंश’ की टीम से मुलाकात की और नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित इस फिल्म की सफलता के लिए पूरी टीम को बधाई दी। फिल्म की टीम में फिल्ममेकर विशाल चतुर्वेदी और मुख्य अभिनेता शोभिनव सत्या शामिल थे। उन्होंने नई दिल्ली में शाह से मुलाकात की।

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “आज मैंने नई दिल्ली में बाबा नीम करौली जी के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ की कास्ट से मुलाकात की। सिनेमा के जरिए बाबा की आध्यात्मिक यात्रा और भगवान हनुमान के प्रति उनकी अद्वितीय भक्ति को लोगों तक पहुंचाने के इस सराहनीय प्रयास के लिए पूरी टीम को बहुत-बहुत बधाई।”

बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता

फिल्म 7 अगस्त को रिलीज हुई थी। शुरुआती दिनों में इसकी कमाई महज 10 लाख रुपये रही थी, लेकिन अब इसने दुनिया भर में 347.05 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। महज दो करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अप्रत्याशित सफलता साबित हुई है।

इस फिल्म ने रिलीज के वक्त ज्यादा सफलता नहीं पाई थी लेकिन जैसे-जैसे मैंने तेरे भरोसे गीत लोगों की जुबान पर चढ़ता गया, फिल्म का कलेक्शन भी तेजी से बढ़ता गया और अब इस फिल्म ने 350 करोड़ से करीब का कलेक्शन कर लिया है. फिल्म की इस सफलता से पूरी स्टारकास्ट उत्साहित है.