अभिनेत्री साई पल्लवी ने निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण'(Ramayan) में माता सीता का किरदार निभाने को अपने जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य बताया। फिल्म के ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम के दौरान साई पल्लवी भावुक हो गईं और कहा कि उन्होंने इस भूमिका को नहीं चुना, बल्कि उन्हें यह किरदार निभाने का आशीर्वाद मिला है।
साई पल्लवी ने कहा कि माता सीता जैसे पूजनीय चरित्र को पर्दे पर निभाना केवल अभिनय नहीं, बल्कि एक आध्यात्मिक अनुभव है। उन्होंने बताया कि शूटिंग के दौरान वह हर दिन प्रार्थना और ध्यान करती थीं। उनका प्रयास था कि वह अपने मन को शांत और पवित्र रखें ताकि इस किरदार की गरिमा को पूरी ईमानदारी के साथ निभा सकें।
‘सीता’ के रोल पर क्या बोलीं?
अभिनेत्री ने कहा, “मुझे नहीं लगता कि मैंने सीता मां का किरदार चुना। मुझे यह भूमिका निभाने का आशीर्वाद मिला है।” उन्होंने यह भी बताया कि हर दिन शूटिंग से पहले वह प्रार्थना करती थीं कि “सीता मां, आप ही मेरे माध्यम से अभिनय करें।”
कार्यक्रम में निर्देशक नितेश तिवारी सहित फिल्म की पूरी स्टारकास्ट मौजूद रही। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, सनी देओल भगवान हनुमान और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। ट्रेलर लॉन्च के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों का उत्साह और बढ़ गया है।
‘रामायण’ को भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में गिना जा रहा है। निर्माता इसे भव्य विजुअल इफेक्ट्स और भारतीय संस्कृति की गरिमा के अनुरूप बड़े स्तर पर प्रस्तुत करने की तैयारी में हैं।




