Virat Kohli Most Runs in England Record: विराट कोहली ने कार्डिफ में खेले गए दूसरे वनडे में इंग्लैंड के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए 66 गेंदों में आठ चौकों की मदद से 65 रन बनाए। इस पारी के साथ ही उन्होंने इंग्लैंड की धरती पर सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बनने का गौरव हासिल कर लिया। कोहली ने इस मामले में पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
कोहली के अब इंग्लैंड में 2646 अंतरराष्ट्रीय रन हो गए हैं, जबकि राहुल द्रविड़ 2645 रन के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं। इस सूची में सचिन तेंदुलकर 2626 रन के साथ तीसरे, रोहित शर्मा 2308 रन के साथ चौथे, सौरव गांगुली 1949 रन के साथ पांचवें और एमएस धोनी 1869 रन के साथ छठे स्थान पर हैं।
इंग्लैंड में सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज
- 2646* रन – विराट कोहली
- 2645 रन – राहुल द्रविड़
- 2626 रन – सचिन तेंदुलकर
- 2308 रन – रोहित शर्मा
- 1949 रन – सौरव गांगुली
- 1869 रन – एमएस धोनी
पहले वनडे में विराट का बल्ला खामोश रहा था। एजबेस्टन में खेले गए मुकाबले में वह छह गेंदों में सिर्फ पांच रन बनाकर आउट हो गए थे। हालांकि, कार्डिफ में उन्होंने दमदार वापसी करते हुए एक और यादगार उपलब्धि अपने नाम कर ली।
अगर विराट कोहली की हालिया वनडे फॉर्म पर नजर डालें तो उन्होंने पिछली नौ पारियों में सात बार 50 या उससे अधिक का स्कोर बनाया है। इस दौरान उनके बल्ले से तीन शतक भी निकले हैं। टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद कोहली अब सिर्फ वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं और इस फॉर्मेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।
विराट कोहली की पिछली 9 वनडे पारियां
- 74* बनाम ऑस्ट्रेलिया
- 135 बनाम दक्षिण अफ्रीका
- 102 बनाम दक्षिण अफ्रीका
- 65* बनाम दक्षिण अफ्रीका
- 93 बनाम न्यूजीलैंड
- 23 बनाम न्यूजीलैंड
- 124 बनाम न्यूजीलैंड
- 5 बनाम इंग्लैंड
- 65 बनाम इंग्लैंड
कोहली के वनडे करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक 313 मुकाबलों की 301 पारियों में 58.53 की शानदार औसत से 15,843 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 54 शतक और 78 अर्धशतक निकले हैं, जबकि उनका सर्वोच्च स्कोर 183 रन रहा है।



