अभिनेता सनी देओल ने आखिरकार पुष्टि कर दी है कि वह निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ में भगवान हनुमान की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म के भव्य प्रमोशनल इवेंट के दौरान सनी देओल ने कहा कि यह किरदार निभाना उनके लिए बेहद बड़ी जिम्मेदारी है और इसे निभाना बिल्कुल भी आसान नहीं है।
‘हनुमान’ बनना आसान नहीं- सनी
सनी देओल ने मंच से कहा कि उन्होंने अभी इस किरदार की शूटिंग का केवल एक छोटा हिस्सा पूरा किया है। उनका मानना है कि भगवान हनुमान जैसे पूजनीय और प्रेरणादायक चरित्र को पर्दे पर उतारना किसी भी कलाकार के लिए चुनौतीपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि वह पूरी श्रद्धा और ईमानदारी के साथ इस भूमिका के साथ न्याय करने की कोशिश करेंगे और इसके लिए दर्शकों का आशीर्वाद चाहते हैं।
इवेंट के दौरान सनी देओल भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि हनुमान जी शक्ति, भक्ति और समर्पण के प्रतीक हैं। ऐसे महान चरित्र को निभाने के लिए केवल अभिनय ही नहीं, बल्कि भावनात्मक रूप से भी खुद को तैयार करना पड़ता है।
कार्यक्रम में मौजूद रहे कई सितारे
‘रामायण’ के इस विशेष कार्यक्रम में रणबीर कपूर, यश, साई पल्लवी सहित फिल्म की पूरी स्टारकास्ट मौजूद रही। फिल्म को दो भागों में रिलीज किया जाएगा और निर्माता इसे भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक के रूप में पेश कर रहे हैं।
फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही जबरदस्त उत्साह है और सनी देओल के हनुमान अवतार की आधिकारिक पुष्टि के बाद फैंस की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं।




