फिल्म ‘धुरंधर’ के गाने शरारत से चर्चा में आईं अभिनेत्री आयशा खान ने दावा किया है कि छात्र आंदोलन के समर्थन में मुंबई के दादर पहुंचने के दौरान उन्हें मुंबई पुलिस ने हिरासत में ले लिया। आयशा ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर कई वीडियो साझा किए, जिनमें वह पुलिस वाहन और बाद में पुलिस स्टेशन के अंदर नजर आईं।
आयशा का कहना है कि उन्होंने न तो कोई प्रदर्शन शुरू किया था और न ही कोई हंगामा किया था। उनके अनुसार, वह केवल छात्रों के समर्थन में वहां मौजूद थीं, इसके बावजूद उन्हें और उनके साथ मौजूद लोगों को पुलिस वैन में बैठाकर थाने ले जाया गया। वीडियो में उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर उन्हें किस आधार पर हिरासत में लिया गया।
कुछ देर बाद पुलिस ने रिहा किया
बाद में साझा किए गए एक अन्य वीडियो में आयशा ने बताया कि उन्हें रिहा कर दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस स्टेशन में उनके साथ पुलिसकर्मियों का व्यवहार सम्मानजनक रहा, लेकिन उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने के अधिकार पर चिंता जताई।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में शिक्षा सुधार और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर मुंबई सहित कई शहरों में प्रदर्शन हुए हैं, जिनमें फिल्म और टीवी जगत की कुछ हस्तियों ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है।




