अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 चक्र के फाइनल की तारीख और मेजबान मैदान का ऐलान कर दिया है। खिताबी मुकाबला 9 से 13 जून 2027 तक इंग्लैंड के ऐतिहासिक द ओवल, लंदन में खेला जाएगा। जरूरत पड़ने पर 14 जून को रिजर्व डे के रूप में रखा गया है।
द ओवल दूसरी बार विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल की मेजबानी करेगा। इससे पहले वर्ष 2023 का फाइनल भी इसी मैदान पर खेला गया था, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराकर खिताब जीता था।
आईसीसी के अनुसार, इंग्लैंड को 2027, 2029 और 2031 के WTC फाइनल की मेजबानी सौंपी गई है। 2027 का फाइनल टेस्ट क्रिकेट की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित होने वाले विशेष सत्र का भी हिस्सा होगा।
फिलहाल WTC 2025-27 चक्र जारी है और सभी टीमों की नजरें अंक तालिका में शीर्ष दो स्थान हासिल कर फाइनल में जगह बनाने पर टिकी हैं। भारतीय टीम भी इस रेस में बनी हुई है और आगामी टेस्ट सीरीज उसके लिए बेहद अहम मानी जा रही हैं।



