अंबिकापुर में करोड़ों की ठगी: दोस्त ने दिया धोखा, पैसा मांगा तो जान से मारने की धमकी, गिरफ्तार

इसके अलावा आरोपित ने धर्मकांटा लगाने और इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण के लिए जमीन दिलाने के नाम पर भी अतिरिक्त रकम ऐंठ ली। न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई और न ही पैसा लौटाया।

अंबिकापुर। व्यापार के नाम पर करोड़ों रुपये हड़पने वाले प्रतीक स्टील ट्रेडर्स के संचालक सुजीत जायसवाल को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित ने पुरानी दोस्ती का फायदा उठाकर कारोबारी राहुल गोयल से कुल 2 करोड़ 8 लाख 50 हजार रुपये की ठगी की और पैसा लौटाने की मांग पर जान से मारने की धमकी दी।एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देश पर यह कार्रवाई हुई। एसएसपी ने जिले में ठगी और आपराधिक विश्वासघात के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है।

कैसे हुई ठगी?

शिकायतकर्ता राहुल गोयल ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि गोधनपुर वसुंधरा विहार रोड निवासी सुजीत जायसवाल से उनकी पुरानी जान-पहचान थी। दोस्ती का लाभ उठाकर आरोपित ने व्यापार में पार्टनरशिप और बड़ा मुनाफा का लालच दिया। भरोसे में आकर राहुल गोयल ने 13 अगस्त 2021 से 25 नवंबर 2022 के बीच किस्तों में कुल 4 करोड़ 80 लाख 50 हजार रुपये दे दिए। हिसाब मांगने पर आरोपित ने टालमटोल शुरू कर दी और केवल 2 करोड़ 72 लाख रुपये ही लौटाए। शेष 2 करोड़ 8 लाख 50 हजार रुपये हड़प लिए।

इसके अलावा आरोपित ने धर्मकांटा लगाने और इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण के लिए जमीन दिलाने के नाम पर भी अतिरिक्त रकम ऐंठ ली। न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई और न ही पैसा लौटाया। जब राहुल गोयल ने बकाया रकम का तकादा किया तो सुजीत जायसवाल ने उसे और उसके परिवार को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस कार्रवाई

पीड़ित की शिकायत पर थाना कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) धोखाधड़ी, 296 अश्लीलता/गाली, 351(3) आपराधिक धमकी और 316(5) आपराधिक विश्वासघात के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपित सुजीत जायसवाल (48), निवासी गोधनपुर वसुंधरा विहार रोड, वर्मा बाड़ी के पास, थाना गांधीनगर अंबिकापुर को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने व्यापार के नाम पर ठगी करना स्वीकार किया। साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।