रात के सन्नाटे में जब शहर नींद में था, तब रायपुर की सड़कों पर कुछ लोग तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहे थे। किसी को अपनी लग्जरी कार की रफ्तार पर भरोसा था, तो कोई भारी वाहन को खतरनाक तरीके से दौड़ा रहा था। ऐसे वाहन चालकों पर रायपुर यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। पुलिस की इस कार्रवाई में नशे में वाहन चलाने वाले 48 ड्राइवर पकड़े गए।
सड़क हादसों पर लगाम लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देश पर 4 और 5 अक्टूबर की दरमियानी रात शहर के 9 संवेदनशील और प्रमुख चौराहों पर पुलिस टीमों ने वाहनों की जांच की।
ब्रेथ एनालाइजर से हुई जांच
रातभर चले इस अभियान के दौरान पुलिस ने ब्रेथ एनालाइजर की मदद से वाहन चालकों की जांच की। जांच में 48 चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़े गए। इसके अलावा यातायात के अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले 32 वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
इस तरह एक ही रात में यातायात पुलिस ने कुल 80 वाहन चालकों पर कार्रवाई की। पुलिस की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य शराब पीकर वाहन चलाने और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होने वाले सड़क हादसों को रोकना है।
रायपुर ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि शहर में सड़क सुरक्षा को लेकर इस तरह की जांच आगे भी जारी रहेगी। खासतौर पर रात के समय तेज रफ्तार, नशे में ड्राइविंग और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती बरती जाएगी।




