रायगढ़। शहरवासियों और रेलवे यात्रियों के लिए राहत की खबर है। रेलवे स्टेशन तक आवागमन को आसान बनाने और शहर के प्रमुख मार्गों पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए अग्रसेन चौक से रेलवे स्टेशन तक नया वैकल्पिक सड़क मार्ग विकसित किया जा रहा है। यह मार्ग आरपीएफ पोस्ट के रास्ते सीधे रेलवे स्टेशन तक पहुंचेगा।
यह पहल वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी की पहल से आगे बढ़ाई जा रही है। प्रस्तावित सड़क के निर्माण से रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को मौजूदा मार्ग की तुलना में करीब 500 मीटर कम दूरी तय करनी पड़ेगी। व्यस्त समय में यात्रियों के करीब 10 मिनट तक बचने की उम्मीद है।
सुभाष चौक और रामनिवास टॉकीज क्षेत्र में घटेगा ट्रैफिक दबाव
फिलहाल शहर के विभिन्न हिस्सों से रेलवे स्टेशन जाने वाला यातायात अग्रसेन चौक के बाद रामनिवास टॉकीज, सुभाष चौक और स्टेशन चौक की ओर जाता है। पीक टाइम में इन मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम और आवागमन की समस्या सामने आती है।
नए वैकल्पिक मार्ग के शुरू होने के बाद रेलवे स्टेशन जाने वाले यातायात के एक बड़े हिस्से को इस सड़क की ओर डायवर्ट किया जा सकेगा। इससे सुभाष चौक, रामनिवास टॉकीज और गांधी पुतला क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है।

