बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर 18 जुलाई को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित फिल्म ‘रामायणम्: प्रथम संकल्प’ के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में शामिल होंगे। हालांकि, इस दौरान उनका लुक कुछ अलग होगा। रणबीर कार्यक्रम में काला चश्मा पहनकर नजर आएंगे, जिसकी वजह उनकी आंखों में हुआ संक्रमण है।
जानकारी के मुताबिक, रणबीर कपूर को यह संक्रमण उनकी बेटी राहा कपूर से हुआ। पहले राहा की आंखों में इन्फेक्शन हुआ था। रणबीर ने एहतियात के तौर पर बेटी से दूरी नहीं बनाई और इसी दौरान यह संक्रमण उन्हें भी हो गया। हालांकि, आंखों में संक्रमण के बावजूद उन्होंने ट्रेलर लॉन्च इवेंट में शामिल होने का अपना कार्यक्रम नहीं बदला और अपनी प्रोफेशनल कमिटमेंट निभाने का फैसला किया है।
‘रामायणम्’ के ट्रेलर को मिला ‘U’ सर्टिफिकेट
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायणम्’ के ट्रेलर को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने ‘U’ सर्टिफिकेट के साथ मंजूरी दे दी है। ट्रेलर की अवधि 4 मिनट 15 सेकंड है, जो इसे एक सामान्य फिल्म ट्रेलर से कहीं ज्यादा विस्तृत बनाती है।
पहले भी रिलीज हो चुके हैं दो वीडियो
‘रामायणम्’ के मेकर्स इससे पहले फिल्म से जुड़े दो वीडियो जारी कर चुके हैं। पहला इंट्रोडक्शन वीडियो पिछले साल 3 जुलाई को रिलीज किया गया था। इसके बाद इस साल 2 अप्रैल को हनुमान जयंती के अवसर पर ‘रामा’ नाम का टीजर लॉन्च किया गया, जिसमें रणबीर कपूर के भगवान श्रीराम के किरदार की पहली झलक दिखाई गई थी। 2 मिनट 38 सेकंड लंबे इस टीजर को भी ‘U’ सर्टिफिकेट मिला था।
अब दर्शकों की नजरें 18 जुलाई को रिलीज होने वाले फिल्म के ट्रेलर पर टिकी हैं, जिससे फिल्म की कहानी और भव्यता की पहली विस्तृत झलक देखने को मिलेगी।




